मुरादाबाद। सीवर लाइन की खुदाई जाम की बड़ी वजह बन रही है। डबल फाटक चौराहे पर बृहस्पतिवार सुबह सीवर लाइन की खुदाई का काम शुरू कराया गया। इसकी वजह से करीब दस बजे से सड़क पर जाम लगना शुरू हो गया। वाहनों की कतारें लग गईं। कुछ ही देर में यह जाम करूला जाने वाले पुल तक पहुंच गया। वाहनों की लंबी कतार को फंसा देखकर यातायात पुलिस सक्रिय हुई। लेकिन गड्ढों की खुदाई के चलते सड़क पर जगह कम बची थी। यही वजह है कि वाहन तकरीबन पूरे दिन ही फंसे रहे।
महानगर में कई सालों से चली आ रही सीवर लाइन की खोदाई का काम लापरवाही में पूरा नहीं हो पा रहा है। बृहस्पतिवार को डबल फाटक पर सीवर का चेंबर बनाने के लिए गड्ढा खोदा गया। क्रेन मशीन दोपहर तक पाइप लाइन डालने का काम करती रही। यही वजह है कि जाम में लोग फंसे रहे। इतना ही नहीं, कपूर कंपनी रोड पर भी जाम की स्थिति बनी रही। यहां भी जलनिगम के खोदे हुए गड्ढों की वजह से लोगों को काफी दिक्कत हुई।