मुरादाबाद। कोरोना संक्रमण की रफ्तार एक बार फिर बढ़ने लगी है। जिले में 17 पॉजिटिव केस मिल चुके हैं। ये सभी पॉजिटिव केस निजी लैब की जांच में मिले हैं। वहीं सरकारी लैब की जांच में मरीजों में संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है, जबकि दस दिनों में सरकारी लैब में 9,059 सैंपलों की जांच की गई है।
जनवरी और फरवरी में कोरोना संक्रमण की रफ्तार धीमी पड़ गई थी। करीब 54 दिनों बाद छह मार्च को पॉजिटिव केस मिला। इसके बाद मार्च और अप्रैल में हफ्ते दस दिनों पर संक्रमित मरीज मिलते रहे। वहीं मई में अभी तक 17 संक्रमित मरीज मिल चुके हैं। इनमें एक मरीज को छोड़कर सभी की ट्रेवल हिस्ट्री दिल्ली-एनएसीआर मिली है। इसमें से 13 मरीज स्वस्थ भी हो चुके हैं। खास बात यह है कि ये सभी पॉजिटिव केस निजी लैब की जांच में पाए गए हैं। दस दिनों में निजी लैब में ट्रूनेट और आरटीपीसीआर के जरिए 146 मरीजों की जांच की गई। 17 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई। दूसरी ओर सरकारी लैब में दस दिनों में 9,059 मरीजों के सैंपलों की जांच की गई। सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
- प्राइवेट लैब में ज्यादातर जांचें ट्रूनेट से की गई हैं। ट्रूनेट की सेंसेटिविटी अधिक होती है, जबकि आरटीपीसीआर की सेंसेटिविटी कम होती है। यही वजह है कि निजी लैब की जांच में पॉजिटिव केस मिल रहे हैं। - डॉ. प्रवीण कुमार श्रीवास्तव, जिला सर्विलांस अधिकारी
सरकारी और निजी लैब के सैंपल जांच के आंकड़े
तारीख सरकारी लैब निजी लैब
01 मई 770 07
02 मई 877 22
03 मई 278 03
04 मई 1067 25
05 मई 1073 15
06 मई ----- 10
07 मई ----- 22
08 मई 1927 13
09 मई 1998 16
10 मई 1069 13
नोट: छह और सात मई को पोर्टल बाधित रहा। इसके चलते सरकारी लैब से सैंपलों की रिपोर्ट आठ और नौ मई को आई।