कांठ। नगर व क्षेत्र आवारा कुत्तों और बंदरों का आतंक दिन पर दिन बढ़ता ही जा रहा है। नगर पंचायत प्रशासन, वन विभाग और तहसील प्रशासन लोगों को जागरूक करने का भी काम कर रही है। बृहस्पतिवार को आवारा कुत्तों, बंदरों और बिल्लियों के काटने से घायल 17 लोग अस्पताल पहुंचे, जिन्हें एंटी रैबीज वैक्सीन की डोज लगाई गई।
कांठ नगर व क्षेत्र में आवारा कुत्तों और खूंखार बंदरों के घूम रहे झुंड बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों पर हमले का उन्हें घायल कर रहे हैं। प्रतिदिन घायल सीएचसी में एंटी रैबीज वैक्सीन की डोज लगवाने के लिए पहुंच रहे हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चीफ फार्मेसिस्ट सीसी थपलियाल ने बताया कि बृहस्पतिवार को आवारा कुत्तों, बंदरों और बिल्लियों से घायल 17 लोग पहुंचे। जिन्हें एंटी रैबीज वैक्सीन की पहली डोज लगाई गई। इसी के साथ 15 को दूसरी, 16 को तीसरी और सात को चौथी डोज लगाई गई है। लोगों ने इन्हें पकड़वाने की मांग की है। नगर पंचायत कांठ के अधिशासी अधिकारी रामेश्वर दयाल का कहना है कि बंदरों को पकड़वाने के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है। 29 अगस्त के बाद टेंडर होते ही बंदरों को अभियान चलवाकर पकड़वाया जाएगा।