सोशल मीडिया सेल और साइबर सेल ने शुरू कर दी निगरानी
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद। करीब 165 सोशल साइट पुलिस की निगाह में चढ़ गईं हैं। इन साइटों पर शेयर और पोस्ट होने वाले हर मैसेज को पुलिस की सोशल मीडिया सेल और साइबर सेल पढ़ रही है। देखा जा रहा है कि कहीं इन साइट का इस्तेमाल गलत तरीके से तो नहीं हो रहा। कहीं माहौल बिगाड़ने वाले या लोगों में डर पैदा करने वाले संदेश तो प्रसारित नहीं हो रहे हैं। पुलिस और प्रशासनिक अफसरों का कहना है कि यह निगरानी निरंतर रहेगी।
फेसबुक, एक्स, यूट्यूब और व्हाट्सएप समेत अन्य प्लेटफॉर्म पर संदिग्ध और आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले अकाउंट चिह्नित होने लगे हैं। डीएम अनुनय झा और एसएसपी सतपाल अंतिल ने सोशल मीडिया के इस्तेमाल को लेकर पिछले दिनों दिशा-निर्देश जारी किए थे। इसके लिए टीमों का भी गठन किया गया। थाना स्तर पर भी निगरानी सेंटर बनाने की तैयारी की जा रही है। फिलहाल पुलिस की सोशल मीडिया और साइबर सेल सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली पोस्ट, वीडियो और संदेशों को बारीकी के साथ पढ़ रही है। जहां भी कोई आपत्तिजनक पोस्ट सामने आ रही है वहां कार्रवाई की जा रही है। एसएसपी सतपाल अंतिल का कहना है कि सोशल मीडिया पर गलत, भ्रामक और तथ्यहीन सामग्री प्रसारित कर लोगों को गुमराह करने और जिले की कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश करने वालों पर निगरानी रखी जा रही है। संदिग्ध मामलों में संबंधित अकाउंट और ग्रुप की गतिविधियों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इन अकाउंट की निगरानी के लिए पुलिस की सोशल मीडिया सेल और साइबर सेल निगरानी कर रही है। वहीं लोगों से भी अपील की जा रही है कि अगर कोई सोशल साइट पर मैसेज या वीडियो डालकर उन्हें परेशान करने की कोशिश कर रहा है तो तत्काल इसकी जानकारी पास के पुलिस थाने पर दें। ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।