मुरादाबाद। इस भीषण गर्मी में जनता को सबसे ज्यादा दर्द बिजली निगम दे रहा है। लाइन मरम्मत के नाम पर बिजली कटौती की जा रही है। जिससे जनता खासी परेशान है। अंतिम रोजे में भी आधा शहर बिजली को तरसा रहा। गायत्री नगर में तो 36 घंटे से भी ज्यादा का ब्लैक आउट कर दिया। जिससे लेकर लोग भड़क गए और उन्होंने हंगामा किया। मंगल वार शाम को बिजली आपूर्ति शुरू हो पाई। मंडी समिति बिजली घर क्षेत्र गायत्री नगर में सोमवार सुबह दस बजे एबीसी लाइन डालने के लिए बिजली आपूर्ति आपूर्ति बंद की थी। सोमवार शाम सात बजे एबीसी लाइन डालने के लिए बिजली आपूर्ति शुरू की गई। इसी बीच लाइन में फाल्ट हो गया। इसके बाद पूरे इलाके में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। गायत्री नगर में रहने वाले हिमांशु सैनी, तारा चंद्र, गुलशन, जेपी गोयल, सुरेश ने बताया कि पूरी रात बिना बिजली के गुजारी है। मंगलवार सुबह बिजली कर्मचारी पहुंचे और दोबारा लाइन बिछाई गई। शाम को बिजली आपूर्ति शुरू की है। इसके अलावा नवीन नगर में भी दिन भी बिजली आपूर्ति ठप रही। जिससे लोगों को खासी परेशानी उठानी पड़ीं।
लोगों का गुस्सा देख भाग गए थे कर्मचारी
मुरादाबाद। सोमवार को पूरे दिन गायत्री नगर में बिजली लाइन बिछाने का कार्य किया गया था। जिसकी वजह से बिजली आपूर्ति बंद की गई थी। शाम को बिजली आपूर्ति शुरू की गई तो लाइन में फाल्ट हो गया। सूचना मिलने पर कर्मचारी लाइन ठीक करने पहुंचे, लेकिन लोगों ने उन्हें घेर लिया। लोगों का गुस्सा देख बिजली कर्मचारी वहां से भाग गए थे।