चंदौसी। बकाया गन्ना भुगतान को लेकर किसान संगठनों ने भी अपने तेवर तीखे कर दिए हैं। भाकियू (अअ) का कहना है कि कमिश्नर कार्यालय पर आयोजित चीनी मिल संचालकों की बैठक में वीनस शुगर मिल के प्रधान प्रबंधक (गन्ना) ने पिछले साल का बकाया भुगतान 30 नवंबर तक करने का वादा किया था। यदि ऐसा नहीं हुआ तो एक दिसंबर से ही भाकियू (अअ) वीनस शुगर मिल के खिलाफ निर्णायक लड़ाई शुरू कर देगी।
भाकियू (अअ) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी हरपाल सिंह ने बताया कि मंडलायुक्त की अध्यक्षता में मंगलवार को मुरादाबाद में चीनी मिल संचालकों के साथ बैठक आयोजित की गई जिसमें सभी चीनी मिलों ने गन्ना भुगतान को लेकर वादे किए। इसमें वीनस शुगर मिल मझावली के प्रधान प्रबंधक (गन्ना) वेदपाल सिंह चौहान ने पिछले साल का 33 करोड़ रुपये बकाया का भुगतान 30 नवंबर तक कराने का वादा किया था। इस बैठक में उपायुक्त (गन्ना) भी शामिल रहे। इस पर भाकियू (अअ) ने ऐलान किया हैकि यदि 30 नवंबर तक वीनस शुगर मिल मझावली ने बकाया पूरा भुगतान नहीं किया तो भाकियू (अअ) के कार्यकर्ता मिल के खिलाफ निर्णायक लड़ाई शुरू कर देंगे। यह लड़ाई तभी रुकेगी, जब किसानों का पूरा बकाया भुगतान कर दिया जाएगा।
तीस तक बकाया भुगतान नहीं दिया तो आंदोलन
अमर उजाला ब्यूरो