चंदौसी में शीघ्र ही राजकीय कन्या महाविद्यालय की स्थापना की जाएगी। इसके लिए बीस बीघा जमीन को चिह्नित कर लिया गया है, जिस पर शासन ने राजकीय कन्या महाविद्यालय की स्थापना की स्वीकृति दे दी है।
प्रदेश सरकार की समाज कल्याण राज्य मंत्री गुलाब देवी ने बताया कि चंदौसी विधान सभा क्षेत्र में कोई भी राजकीय बालिका महाविद्यालय नहीं है, जिसकी मांग लगातार की जाती रही है, उन्होंने चुनाव के दौरान इसका वादा भी किया था। जिसके तहत अब चंदौसी में राजकीय बालिका महाविद्यालय की स्वीकृति मिल गई है।
इसके लिए जगह की तलाश की जा रही थी, अब देवापुर गांव में बीस बीघा जमीन भी मिल गई है, जिसका प्रस्ताव भेज दिया गया है। प्रस्ताव के साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री से मिलकर यह मांग रखी थी। यह भी बताया था कि इसका वादा भी चुनाव में किया था, जिस पर मुख्यमंत्री ने इसके लिए संबंधित विभाग को दिशा निर्देश जारी कर दिए थे।
शीघ्र ही क्षेत्र में एकलव्य आवासीय विद्यालय की भी स्थापना कराई जाएगी। जिसमें अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थी आवासीय शिक्षार्जन कर सकेंगे। इसके लिए 48 से 52 बीघा जमीन की तलाश की जा रही है। इसके अलावा लहरावन के मजरा ङरतरा में शीघ्र ही स्टेडियम का निर्माण भी कराया जाएगा। इसके लिए प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है।
शहर के गिरीश रतन, दुर्गेश गुप्ता, पारस अग्रवाल, मनोज दिवाकर आदि राज्यमंत्री से मिलकर चंदौसी संयुक्त चिकित्सालय को सौ बैड का हास्पिटल बनवाने की मांग रखी। राज्यमंत्री ने कहाकि इसके लिए भी प्रयास किया जाएगा।