जुनावई/चंदौसी। पंजाब नेशनल बैंक की कैश वैन ने एक बाइक सवार युवक को टक्कर मार कर घायल कर दिया है। आक्रोशित ग्रामीणों ने बैंक की वित्त वैन के घेर लिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह लोगों को समझा बुझाकर शांत किया। एक अन्य दुर्घटना में तीन अन्य बाइक सवार भी घायल हो गए हैं।
गुन्नौर थाना क्षेत्र के बिचौला भूड़ निवासी बाइक सवार अंशपाल पुत्र भगवान दास जुनावई पाठकपुर मार्ग से होते हुए लावर गांव से घर वापस जा रहा था। तभी जुनावई क्षेत्र की बैंक शाखाओं को कैश वितरण कर लौट रहे वित्त वाहन ने ढड़वारा गांव के नजदीक बाइक सवार को टक्कर मार दी। यह देखकर गांव के लोगों ने बैंक के वित्त वाहन को घेर लिया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पतरिया चौकी की पुलिस ने लोगों को समझाने के बाद घायल युवक को जुनावई सीएचसी में भेजा। वाहन को चौकी में ही खड़ा कर लिया गया है। इधर जुनावई क्षेत्र में रविवार की रात को ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आकर तीन लोग घायल हो गए। गुन्नौर क्षेत्र के गांव मेहुआ गांव निवासी बृज किशोर (30) पुत्र नौबत सिंह तथा रजपुरा निवासी जीतेश व दूधमा निवासी देवेंद्र के साथ बाइक पर जुनावई जा रहे थे, तभी हरगोविंदपुर के पास ट्रैक्टर ट्राली से टक्कर लग गई। जिसमें तीनों बाइक सवार घायल हो गए। घायलों को अलीगढ़ रेफर किया गया है।