कांठ। राजकीय हाईस्कूल कुचावली में चल रहे भारत स्काउट शिविर के समापन पर गाइडों द्वारा सुंदर सुंदर टेंट का निर्माण किया गया। जिन्हें देखकर अतिथियों ने उनकी सराहना की।
शिविर समापन पर मुख्य अतिथि के रूप में केजीके कॉलेज मुरादाबाद के मुख्य स्काउट आयुक्त राकेश कुमार टंडन और विशिष्ट अतिथि भारत स्काउट गाइड के जिला सचिव वंश बहादुर सिंह ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर गाइडों को प्रतिज्ञा, वचन, उद्देश्य, इतिहास, टेंट निर्माण, गांठें बंधन, पिरामिड और मीनार आदि का प्रशिक्षण दिया गया। इस मौके पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर आने वाली टोलियों को अतिथियों ने पुरस्कृत किया। वहीं दूसरी ओर जिला व राज्य स्तरीय खेल, विज्ञान, कला, भाषण, वाद विवाद आदि प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले छात्र छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य राहुल रस्तोगी और गीतांजलि दक्ष ने संचालन किया। निशि रस्तोगी, मीनू, अनुश्री चौहान आदि का विशेष सहयोग रहा।