कांठ। दौड़ लगा रहे छात्र को तेज रफ्तार ट्रक रौंदने के बाद अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में छात्र की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक का चालक और हेल्पर मौके से भाग गए। जिससे गुस्साए ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझाबुझाकर ग्रामीणों को शांत किया और मृतक छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
कांठ के सीमावर्ती गांव देहरी खुर्रम थाना नौगांवा सादात जिला अमरोहा का रहने वाला पिंटू (18) पुत्र विक्रम सिंह बीएससी प्रथम वर्ष और आईटीआई का छात्र है। वह हर रोज की भांति बुधवार की सुबह करीब पांच बजे वह अपने ही गांव में नूरपुर-मुरादाबाद हाईवे पर दौड़ लगा रहा था। अचानक नूरपुर की ओर से मुरादाबाद की तरफ आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने पिंटू को टक्कर मार दी। जिससे वह उछल कर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल होने के कारण उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इसके बाद ट्रक भी अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे पलट गया और ट्रक के चालक व हेल्पर मौके से फरार हो गए। जिससे गुस्साए ग्रामीणों की भीड़ ने नूरपुर-मुरादाबाद हाईवे को जाम कर दिया। सूचना पाकर थाना पुलिस भी घटना स्थल पर पहुंच गई और हाईवे जाम कर रहे ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन ग्रामीणों के गुस्से के आगे पुलिस की एक न चली। इसके बाद पुलिस क्षेत्राधिकारी और तहसीलदार ग्रामीणों के बीच पहुंचे और जैस तैसे उन्हें समझाबुझाकर शांत किया। इसके बाद कार्रवाई के आश्वासन पर ग्रामीणों ने करीब आधे घंटे के बाद जाम को खोला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। इधर छात्र पिंटू की मौत से उसके परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
...फोर्स जाने की तैयारी कर रहा था छात्र पिंटू
कांठ। हाईवे पर दौड़ लगाते हुए दुर्घटना का शिकार हुआ बीएससी और आईटीआई का छात्र पिंटू इस वक्त फोर्स में जाने के लिए दौड़ की तैयारी कर रहा था। वह हर रोज सुबह और शाम को दौड़ का अभ्यास कर रहा था। ब्यूरो