टांडा। नगर पालिकाध्यक्ष महनाज जहां ने नगर के विभिन्न मोहल्लों का भ्रमण कर नगरवासियों द्वारा किये गए अतिक्रमण को लेकर चेताया तथा दोबारा अतिक्रमण करने पर भारी जुर्माना लगाने की चेतावनी दी। वही पालिका सफाई कर्मियों को सफाई व्यवस्था में कोताही ना बरतने के निर्देश दिए।
नगर पालिकाध्यक्ष महनाज जहां ने लगातार दूसरे दिन नगर में सफाई व्यवस्था और अतिक्रमण कर जायजा लिया। बुधवार को नगर के मोहल्ला पड़ाव, दुलीवाला, भब्बलपुरी, नवाबपुरा का पालिका की टीम तथा पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि मकसूद लाला के साथ भ्रमण किया। उन्होंने जगह जगह लोगों को एकत्र कर सड़क पर जानवर ना बांधने तथा अन्य अतिक्रमण ना करने की हिदायत दी तथा नगर को साफ सुथरा रखने में नगर पालिका का सहयोग करने की अपील की। वहीं मोहल्ला दुलीवाला में सड़कों पर लगे जानवर बांधने वाले खूंटे, एंगल तथा अन्य वस्तु हटवा कर सड़कों पर बंधे जानवरों को घर बंधाया तथा दुबारा सड़कों पर जानवरों को ना बांधने की चेतावनी दी। इस मौके पर उन्होंने सफाई कर्मियों को सफाई व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही ना बरतने के निर्देश दिए।