बहजोई। दिन भर झमाझम बारिश से लोगों को गर्मी से बहुत राहत मिली। दिन भर लोगों ने बारिश का लुत्फ उठाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। बच्चों ने भी बरसात में नहाकर जमकर आनंद उठाया।
बुधवार की रात में तेज बरसात शुरू हो गई। गुरुवार को भी सुबह से शाम तक बरसात ने जमकर मौसम को खुशनुमा कर दिया। लोग अपने घरों के दरवाजे व खिड़कियों के किनारे बैठकर बारिश का आनंद लेते दिखाई दिए। कभी रिमझिम तो कभी तेज बरसात ने लोगों को खूब रिझाया। देर शाम तक बरसात हुई। लोगों ने रेनकोट व छाता का प्रयोग कर बारिश में अपने जरूरी काम निपटाए। जरूरी न होने पर लोग अपने घरों से नहीं निकले। लोगों ने बरसात के मौसम का आनंद और बढ़ाने के लिए घरों में गर्मा-गर्म पकौड़े व समोसे संग चाय की चुस्की का लुत्फ उठाया। इस बीच गली-मोहल्लों में जलभराव रहा। नालियां उफान पर थीं। नालियों का गंदा पानी सड़क तक पहुंच गया था।