कांठ। दो बाइकों की भिड़ंत में एक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक युवती सहित चार गंभीर रूप से घायल हो गए। सीएचसी से चारों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
शनिवार की शाम करीब चार बजे बिजनौर हाईवे पर छजलैट के गांव अलीपुरा की मडैय्यो में दो बाइकें आमने-सामने आ गए। एक बाइक पर सवार छजलैट के गांव अलीपुरा खालसा (तेलीपुरा) निवासी सोनू गंभीर रूप से घायल हो गया। उसी बाइक पर पीछे बैठे गांव के ही यूनुस (40) की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरी बाइक चला रहा दाऊद निवासी लतीफपुर थाना नौगांवा सादात, बाइक पर पीछे बैठा उसका भतीजा विशाल और रिश्तेदार सोनम भी गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद ग्रामीणों ने घायलों को सड़क से हटाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चारों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। जबकि यूनुस के शव को पोस्टमार्टम के लिए मुरादाबाद भिजवा दिया गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मौत से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के परिजनों ने बताया कि वह सोनू के साथ उमरी कलां से अपनी दवा लेकर लौट रहा था। दूसरी बाइक पर घायल दाऊद अपने भतीजे विशाल के साथ अपनी पत्नी की बहन सोनम को छजलैट से लेने आया था। वापस लौटते वक्त हादसा हो गया।
...बाइक भी मांगकर लाया था दाऊद
कांठ। पत्नी की बहन को छजलैट से लाने के लिए दाऊद पड़ोसी की बाइक मांगकर लाया था। अस्पताल में कराहते हुए उसने बताया कि उसके पास बाइक नहीं है। पूछने पर उसने ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं होने की बात कही। उसने बताया कि वह अपनी साइड पर ही थे। लेकिन दूसरी बाइक चला रहे युवक ने अपने गांव को जा रहे संपर्क मार्ग पर मुड़ने के लिए दूसरी साइड से एकदम बाइक को मोड़ दिया।