चंदौसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पड़ोसी जनपद अमरोहा में आने वाले हैं, वह मेहंदीपुर, सैदनगली में जन चौपाल लगाएंगे, जिसकी धमक संभल जिले में भी सुनाई देने लगी है। जिले के सभी अधिकारियों को आज से 27 अप्रैल तक मुख्यालय छोड़ने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 26 अप्रैल को अमरोहा आएंगे। जिसे लेकर संभल जिले को भी अलर्ट कर दिया गया है। क्योंकि संभल जिला अमरोहा का पड़ोसी जिला है। इसे लेकर कलेक्ट्रेट सभागार बहजोई में जिलाधिकारी आनंद कुमार सिंह ने जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक की। जिसमें बताया गया कि मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार का भ्रमण कार्यक्रम जनपद अमरोहा में प्रस्तावित है। वह अपने भ्रमण कार्यक्रम के दौरान जनपद अमरोहा के ग्राम मेहंदीपुर, सैदनगली ग्राम में जनचौपाल लगाएंगे। ग्राम मेहंदीपुर सैदनगली जनपद संभल की सीमा पर है। 25, 26 व 27 अप्रैल को कोई भी अधिकारी किसी भी दशा में मुख्यालय नहीं छोड़ेगा। इसके अतिरिक्त ग्राम मेहंदीपुर सैदनगली जनपद अमरोहा के सीमा से सटे सभी ग्रामों की विकास कार्यो की स्थली सत्यापन कर लिया जाए। इन ग्रामों में पूर्व में आई शिकायतों की भी समीक्षा की जाए। यदि इन ग्रामों की शिकायतें निस्तारण के लिए शेष हैं तो आज ही स्थलीय निरीक्षण कर शिकायतों का गुणवत्तापरक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इसमें बरती गई कोई भी शिथिलता क्षम्य नहीं होगी। असमोली ब्लाक के जो गांव अमरोहा के सीमा सटे हुए है। उन गांव की साफ-सफाई पानी की समस्या बिजली की समस्या तत्काल पूर्ण की जाए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी शंभुनाथ तिवारी, अपर जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद यादव, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा.अमिता सिंह , एसडीएम चंदौसी प्रतिपाल सिंह, गुन्नौर के एसडीएम दीपेंद्र यादव,संभल के एसडीएम अमित कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी जाहिद हुसैन असांरी, एआर (कोआपरेटिव) योगेंद्र पाल सिंह आदि जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।