प्रेम का त्योहार वेलेंटाइन डे को लेकर बाजार गुलजार हो गया है। फूलों से लेकर विभिन्न प्रकार के उपहारों से सजीं दुकानों की रौनक देखते ही बन रही है। फूल से लेकर गुलदस्ते भी तैयार किए जा रहे हैं। वेलेंटाइन वीक के लिए दुकानदार भी उत्साहित हैं।
वेलेंटाइन वीक शुरू होने में अभी तीन दिन का समय शेष है, लेकिन दुकानदार अपनी-अपनी तरह से तैयारियां कर रहे हैं। दुकानदार विरंची शर्मा का कहना है कि ग्रीटिंग कार्ड की वेलेंटाइन पर सबसे अधिक बिक्री होती है। हालांकि सोशल मीडिया की वजह से कुछ गिरावट आई है, लेकिन युवक-युवतियों में अभी भी क्रेज बरकार है। इसके अलावा गिफ्ट में सजावट के साथ उपयोगी चीजों को देने का चलन बढ़ा है। प्रेमी युगल, नवविवाहितों के हिसाब से अलग-अलग तरह सके गिफ्ट पैक आ गए हैं। दुकानदार सुधीर अरोरा ने बताया कि बिना टैडी बीयर के वेलेंटाइन डे अधूरा है। इस बार छोटे से लेकर पांच फीट तक के टैडी बीयर मंगवाए गए हैं। सुर्ख लाल रंग पसंद में सबसे ऊपर रहता है।