मुरादाबाद। कोरोना टीकाकरण अभियान के तीसरे चरण में पंद्रह जून से 18 पार वालों को कोवैक्सीन की दूसरी डोज लगाई जाएगी। दूसरी डोज उसी केंद्र पर लगाई जाएगी, जहां पहली डोज लगाई गई थी। इसके लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना होगा। वहीं कल (सोमवार) से ऑटो चालकों और स्ट्रीट वेंडरों के लिए विशेष टीकाकरण सत्र लगाए जाएंगे। जहां चालकों और वेंडरों का ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन होगा।
टीकाकरण के तीसरे चरण में 18 पार वालों को कोरोना से बचाव का टीका लगाया जा रहा है। जिले में तीसरे चरण की शुरुआत दस मई से हुई है। दस जून तक जिले में 18 पार वाले 125158 लोगों को वैक्सीन की पहली डोज लगाई जा चुकी है। गाइडलाइन के मुताबिक कोवैक्सीन की दूसरी डोज 28 दिन और कोविशील्ड की दूसरी डोज 84 दिन बाद लगाई जाती है। कोवैक्सीन की पहली डोज लगवाने वाले 18 पार वालों को पंद्रह जून से दूसरी डोज लगाई जाएगी। इसके लिए उन्हें ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना होगा। तभी उन्हें दूसरी डोज लगेगी। जिस केंद्र पर पहली डोज लगवाई है, उसी केंद्र पर दूसरी डोज लगवाई जाएगी। इसके अलावा सोमवार से दो विशेष टीकाकरण सत्र लगाए जाएंगे। इसमें ऑटो चालकों और स्ट्रीट वेंडरों को शामिल किया जाएगा।
- 18 पार वालों को कोवैक्सीन की दूसरी डोज पंद्रह जून से लगाई जाएगी। इसके लिए रजिस्ट्रेशन कराना जरूरी है। सोमवार से ऑटो चालकों और स्ट्रीट वेंडरों के लिए विशेष टीकाकरण सत्र लगाए जाएंगे।
- डा. दीपक वर्मा, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी
ऑटो चालकों को आरटीओ कार्यालय, नगर निगम पीलीकोठी में लगेगा टीका
मुरादाबाद। सोमवार से ऑटो, ई-रिक्शा चालकों और स्ट्रीट वेंडरों के लिए दो विशेष सत्र लगेंगे। इसके तहत चालकों को आरटीओ कार्यालय और स्ट्रीट वेंडरों को नगर निगम पीलीकोठी कार्यालय में कोरोना से बचाव का टीका लगाया जाएगा।