मुरादाबाद। पाकबड़ा थानाक्षेत्र के महलकपुर माफी निवासी विशाल दिवाकर को कॉल कर साइबर ठग ने उनके खाते से 1.23 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया।
विशाल दिवाकर ने दर्ज कराए केस में बताया कि नौ अप्रैल को उनके पास एक अंजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक अधिकारी बताते हुए बात की। इस दौरान आरोपी ने विशाल दिवाकर को बताया कि उनका क्रेडिट कार्ड एक्सपायर होने वाला है। आरोपी ने क्रेडिट कार्ड एक्टिव कराने का झांसा देकर एनी डेस्क एप डाउनलोड करा लिया जिसके बाद मोबाइल हैक हो गया। इसी दौरान आरोपी ने विशाल के खाते से 1.23 लाख रुपये किसी दूसरे खाते में ट्रांसफर कर लिए। पाकबड़ा थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि साइबर सेल की मदद से ठग के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।