भोजपुर(मुरादाबाद)।
भोजपुर थानाक्षेत्र में डेढ़ साल के एक मासूम की गर्म पानी से झुलस कर मौत हो गई। बच्चे की मां ने नहाने के लिए भगोने में पानी गर्म किया था। इसी दौरान बच्चा पानी के पास पहुंच गया और उसके ऊपर पानी गिर गया। बच्चे की मौत से उसके परिवार में कोहराम मच गया।
भोजपुर कस्बे के मोहल्ला झादेवाला में सोनू वर्मा का परिवार रहता है। सोनू का चाय का ठेला लगता है। सोमवार सुबह सोनू वर्मा की पत्नी किरन वर्मा ने नहाने के लिए पानी गर्म किया था। उसने चूल्हे से भगोना उतारकर नीचे बाथरूम के पास रख दिया था। इसके बाद किरन रसोई में चली गई। जबकि सोनू टायलेट में गया था। सोनू की मां लक्ष्मी देवी पूजा कर रही थीं। इसी दौरान उसका डेढ़ वर्ष का पुत्र आरब वर्मा खेलते हुए भगोने के पास पहुंच गया और उसने भगोना खींच लिया जिससे गरम पानी उसके ऊपर गिर गया। वह वह पानी से काफी जल गया। इस से परिवार में कोहराम मच गया। चीख पुकार सुनकर आस पड़ोस के लोग भी पहुंच गए। बच्चे को नगर के निजी चिकित्सक को दिखाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे मुरादाबाद रेफर कर दिया गया। बच्चे को कॉसमॉस अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान मंगलवार सुबह बच्चे की मौत हो गई। बच्चे की एक माह की छोटी बहन मुन्नी है।