पूर्वोत्तर रेलवे के चीफ सेफ्टी ऑफीसर बीआर विप्लवी के नेतृत्व में मुरादाबाद मंडल में आई टीम को निरीक्षण के दौरान ट्रैक में तमाम खामियां मिलीं। कहीं पटरियां तो कहीं प्वाइंटों में ज्यादा गैप मिला। बुधवार शाम डीआरएम कार्यालय में उन्होंने मंडल स्तरीय अधिकारियों संग बैठक की। जिसमें उन्होंने कहा कि ट्रैक बेहद कमजोर है। ऐसे ट्रैक की वजह से ही हादसे होते हैं। इसे दुरुस्त किया जाए। इसके अलावा उन्होंने कई रेलवे क्रासिंग पर वाहनों की लंबी लाइन देखीं तो वहां दो-दो गेट मैनों को तैनात करने को कहा।
दो दिन के निरीक्षण के बाद बुधवार टीम मुरादाबाद डीआरएम कार्यालय में पहुंची। यहां मंडल स्तरीय अधिकारियों संग मीटिंग की। उन्होंने बताया कि निरीक्षण में ट्रैक, रेलवे क्रासिंग, सिगनल कमियां मिली हैं। ट्रैक के प्वाइंटों में गैप ज्यादा मिला है। रेल पटरी भी ढीली मिलीं। ट्रैक और प्वाइंट में इसी तरह की कमियां डिरेलमेंट का कारण बनती हैं। रेल पथ और सिगनल विभाग को सब कुछ दुरुस्त करने की हिदायत भी दी गई। सीएसओ बीआर विप्लवी ने रोजा, शाहजहांपुर, बरेली व मुरादाबाद के रनिंग रूम भी चेक किए। तब उन्होंने कहा कि सभी जगह के रनिंग रूमों को दुरुस्त किया जाए। डीआरएम अजय कुमार सिंघल ने बैठक में कहा कि ट्रैक पर अधिक मालगाड़ियां दौडृ़ाई जा रही है। पिछले माह की तुलना में इस माह दोगुनी मालगाड़ियां इस ट्रैक से गुजरी हैं। मंडल में 430 किलोमीटर ट्रैक बदला जाना है। जिसमें 208 किलोमीटर ट्रैक को बदलने की स्वीकृति मिल चुकी है। जिसमें 116 किलोमीटर ट्रैक बदला जा चुका है। इसके अलावा टीम के अफसरों ने कहा कि रेल लाइनों के आसपास होने वाले आयोजनों को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाए।