मुरादाबाद रेल मंडल में बुधवार सुबह अमरोहा और कैलसा के बीच रेल पटरी चटक गई। गनीमत रही कि इस दौरान कोई ट्रेन नहीं गुजरी। वरना बड़ा हादसा हो सकता था। गेटमैन ने इसकी जानकारी अमरोहा स्टेशन मास्टर को देकर ट्रेनों का संचालन बंद करवा दिया। इसके बाद ट्रैक की मरम्मत की गई।
गेट मैन महीपाल ने बुधवार सुबह पांच बजकर 28 मिनट पर स्टेशन मास्टर अमरोहा को सूचना दी कि अमरोहा और कैलसा के बीच पटरी चटक गई है। इसके बाद ट्रेनों का संचालन बंद कर दिया गया। सूचना मिलने पर इंजीनियरिंग शाखा की टीम मौके पर पहुंच गई और ट्रैक की मरम्मत शुरू कर दी गई। इस दौरान फैजाबाद दिल्ली एक्सप्रेस, रक्सौल से आनंद विहार जाने वाली सत्याग्रह एक्सप्रेस और मुरादाबाद-दिल्ली पैसेंजर बीच में ही रोक दी गई। ट्रैक ठीक होने के बाद ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया।