हाईवे पर वाहनों की पार्किंग के कारण सोमवार रात फिर एक हादसा हो गया। हाईवे पर खडे़ ट्रक से एक कंटेनर टकरा गया। हादसे में कंटेनर चालक की मौत हो गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया है। आरोपी वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
रामपुर के भोट थानाक्षेत्र स्थित मिलक में रहने वाले राशिद अली (26) कंटेनर चालक थे। परिवार में पत्नी रेशमा और छह माह का बेटा राबिद है। राशिद सोमवार रात को रुद्रपुर से कंटेनर में माल लादकर दिल्ली जा रहे थे। पाकबड़ा में कंटेनर हाईवे पर खडे़ ट्रक से टकरा गया। हादसे में राशिद गंभीर जख्मी हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसएचओ पाकबड़ा गजेंद्र त्यागी ने बताया कि हादसे की सूचना परिवार वालों को दी। परिजन मुरादाबाद पहुंचे और शव को अंतिम संस्कार के लिए रामपुर ले गए। एसएचओ पाकबड़ा गजेंद्र त्यागी ने बताया कि हाईवे पर खडे़ वाहन में कंटेनर ने टक्कर मारी है। देर शाम तक इस मामले में रिपोर्र्ट दर्ज नहीं की गई है।
चालक को नींद आने का भी अंदेशा
मुरादाबाद। हाईवे पर खड़े ट्रक में टक्कर मारने के मामले में पुलिस ने अंदेशा जताया है कि कंटेनर चालक को नींद की झपकी आ गई, जिस वजह से उसका कंटेनर हाईवे किनारे खडे़ ट्रक से टकरा गया है।