‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान की महानगर संयोजिका प्रिया अग्रवाल को भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति में स्थान मिला है। पार्टी नेतृत्व ने उन्हें महिला मोर्चा में प्रदेश कोषाध्यक्ष बनाकर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। प्रिया का कहना है वह पार्टी के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगी। मिशन 2019 के लिए ज्यादा से ज्यादा लोगों को पार्टी से जोड़ना उनकी प्राथमिकता है।
महापौर विनोद अग्रवाल की बहू प्रिया अग्रवाल ने करीब दो साल पहले अपनी सास और तत्कालीन मेयर बीना अग्रवाल के आकस्मिक निधन के बाद राजनीति में कदम रखा था। उसी समय साफ हो गया था वह महानगर में अपनी सास की सियासी विरासत को संभालेंगी। पहले उप चुनाव और फिर मेयर के लिए हुए आम चुनाव में प्रिया का नाम मजबूती से प्रत्याशी के लिए भी चला। विनोद अग्रवाल के खुद मेयर बनने के बाद प्रिया को पार्टी ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान की जिम्मेदारी सौंपी। पार्टी के इस कार्यक्रम को निचले स्तर तक पहुंचाकर उन्होंने संगठन से लेकर संघ तक अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। माना जा रहा है कि बेटी बचाओ अभियान की सफलता के पुरस्कार के तौर पर ही प्रिया को प्रदेश की टीम में स्थान मिला है। उनका कहना है कि वह कार्यकर्ताओं को साथ लेकर पार्टी की नीतियाें और केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं को जन - जन तक पहुंचाने के लिए अभियान चलाएंगी।