मुरादाबाद। तीर्थंकर महावीर विश्वविद्यालय के तीन दिवसीय दीक्षांत समारोह की शुरुआत शुक्रवार को पदक व उपाधि वितरण के साथ हो गई। विवि के 19 कालेजों के 415 छात्र - छात्राआें को कुलाधिपति सुरेश जैन, मुख्य अतिथि अरविंद गोयल, अरुण खन्ना व एमएलसी डा. जयपाल सिंह व्यस्त ने पदक वितरित किए। शनिवार को मुख्य कार्यक्रम में राज्यपाल राम नाईक कालेज टॉप करने वाले 19 छात्र - छात्राआें को स्वर्ण पदक देेेंगे। इसी कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों की चार हस्तियों को डी- लिट की मानद उपाधि से भी विभूषित किया जाएगा।
विश्वविद्यालय सभागार में शुक्रवार शाम आयोजित कार्यक्रम में टीएमयू कुलाधिपति सुरेश जैन ने कहा कि वह बड़े लक्ष्य निर्धारित करते हैं, सपने दिन में देखते हैं और उन्हें पूरा करने के लिए कड़े अनुशासन से मेहनत करते हैं। उन्हाेंने कहा कि उनका लक्ष्य टीएमयू को दुनिया के शीर्ष 200 विश्वविद्यालयों में शामिल करना है। समाजसेवी अरविंद गोयल ने कहा कि छात्र - छात्राओं का लक्ष्य सिर्फ डिग्रियां हासिल करना नहीं होना चाहिए। उन्हें देश व समाज के प्रति अपने दायित्वों को भी याद रखना होगा। उन्होंने छात्राआें को देश व समाज सेवा की शपथ दिलाते हुए देश से गरीब व बेसहारा शब्द को खत्म करने का आह्वान किया।
लैंडस्केप फोटोग्राफर अरुण खन्ना न कहा कि छात्र - छात्राएं अपने काम को पूजा की तरह लें। इससे वह अपने - अपने क्षेत्रों में बेहतरीन कर पाएंगे। एमएलसी डा. जयपाल सिंह व्यस्त पूर्व राष्ट्रपति डा. एपीजे अब्दुल कलाम से प्रेरणा लेने की सलाह दी। कार्यक्रम 142 छात्र - छात्राओं को स्वर्ण पदक, 138 को रजत पदक और 135 छात्र - छात्राओं को कांस्य पदक दिए गए। पदक पाकर छात्र - छात्राओं के चेहरे खिल गए। शनिवार को राज्यपाल की अगवानी के लिए टीएमयू को दुल्हन की तरह सजाया गया है। इसी कार्यक्रम में राज्यपाल राम नाईक प्रदेश के संसदीय कार्य व नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना, गायक सोनू निगम, समाजसेवी अरविंद गोयल व लैंडस्केप फोटोग्राफर अरुण खन्ना को डी - लिट की मानद उपाधि से अलंकृत करेंगे। कार्यक्रम में विवि के कुलपति प्रो आरके मदगल समेत सभी कालेजों के प्रिंसिपल व फैकल्टी मौजूद रही।