रेल ट्रैक की मरम्मत के लिए मंडल की 12 यात्री ट्रेनों को 10 मई तक के लिए रद्द कर दिया गया है। यह ट्रेनें दिसंबर माह से रद्द चल रही हैं। बुधवार से इनका संचालन शुरू होना था लेकिन रेलवे ने एक बार फिर इन्हें 10 दिन के लिए रद्द कर दिया। लगातार रद्द हो रही यात्री ट्रेनों की वजह से यात्रियों को मुश्किलें हो रही हैं। मेहनत मजदूरी करने के लिए शहरों को जाने वाले लोगों के साथ ही बड़ी तादाद में दैनिक यात्री भी इन्हीं यात्री ट्रेनों पर निर्भर हैं।
मुरादाबाद रेल मंडल में महीनों से रेल पटरियों की मरम्मत का कार्य किया जा रहा है। लेकिन काम की रफ्तार सुस्त होने की वजह से न तो पटरियां ही बदल पाईं और न ही स्लीपर पड़ पाए। इसका खामियाजा यात्रियों का भुगतना पड़ रहा है। पिछले साल दिसंबर माह में कोहरे के नाम पर ट्रेनों को रद्द किया गया था। हालांकि कुछ दिन छोड़ दिए जाएं तो पूरे सीजन में कोहरा ज्यादा असर नहीं डाल पाया था। इसके बाद बावजूद भी ट्रेनें रद्द रहीं। कोहरे का सीजन खत्म हुआ तो ट्रेनों को ट्रैक मरम्मत के नाम पर बंद कर दिया गया। हालांकि रेलवे सूत्रों का दावा है कि ट्रैक मरम्मत तो एक बहाना है।
इन ट्रेनों को रद्द कर मालगाड़ियों के लिए ट्रैक खाली किया जा रहा है। दिसंबर से अप्रैल तक ज्यादातर यात्री ट्रेनों को रद्द रखा गया। एक मई से ट्रेनों को शुरू किया जाना था। लेकिन मंडल की बारह ट्रेनों को दस मई तक फिर से रद्द किया गया। इनमें मुरादाबाद आनंद विहार पैसेंजर (अप, डाउन), रोजा लखनऊ पैसेंजर (अप डाउन), मुरादाबाद चंदौसी (अप व डाउन), लखनऊ सहारनपुर (अप डाउन), मुरादाबाद हातिम सराय (अप डाउन) बरेली प्रयाग राज (अप डाउन) शामिल हैं। डीआरएम तरुण प्रकाश ने बताया कि ट्रैक मरम्मत की वजह से ट्रेनें रद्द की गई है। हमारी प्राथमिकता सेफ्टी है।
नहीं चली राज्यरानी समेत कई ट्रेनें
एक मई से कई ट्रेनों को शुरू किया जाना था। राज्यरानी समेत कई ट्रेनें बुधवार से शुरू नहीं हो पाईं। राज्यरानी एक्सप्रेस, शहीद एक्सप्रेस, अंबाला बरौनी एक्सप्रेस, डुप्टीकेट पंजाब मेल, न्यू फरक्का एक्सप्रेस और सियालदह आनंद विहार एक्सप्रेस बुधवार से नहीं चल पाईं।