मुरादाबाद। लोकसभा चुनावों के तीसरे चरण में नामांकन के पांचवें दिन सोमवार को मुरादाबाद लोकसभा से दो लोगों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। राष्ट्रीय समानता दल और ‘आपकी अपनी पार्टी’ के प्रत्याशियों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर रिटर्निंग आफिसर को अपना नामांकन पत्र जमा किया। इसके साथ ही मुरादाबाद लोकसभा से अभी तक नामांकनों की संख्या पांच हो गई है। भाजपा प्रत्याशी कुंवर सर्वेश सिंह समेत कुल पांच प्रत्याशी अपना नामांकन जमा कर चुके हैं। जबकि 26 लोगों ने पर्चे खरीदे हैं।
नामांकन के पांचवें दिन सोमवार को राष्ट्रीय समानता दल के प्रत्याशी तेज सिंह सैनी निवासी मिश्रीपुर मढ़ैय्या कांठ ने अपना नामांकन दाखिल किया। इनके प्रस्तावकों में शिवराज सिंह, राजेश, जयपाल, रामनाथ, खेम सिंह, बोवी, अजय कुमार, अनिल कुमार, ओमवीर, महिपाल सिंह शामिल थे। सोमवार को दूसरा नामांकन आपकी अपनी पार्टी (पीपुल्स) के प्रत्याशी मोहित कुमार गिल, निवासी खंडसाल जुन्नारदर, हाजरपुर कांठ ने कराया। इनके प्रस्तावकों में गंगा देई, धर्मवीर, राकेश, झुंडा कुमार, गुलाब, ओमवीर सिंह, सरिता, कृतपाल सिंह, देव प्रकाश सिंह, राम रहीस शामिल थे। इससे पहले 28 मार्च को नामांकन के पहले दिन एसयूसीआईसी के प्रत्याशी विजयपाल सिंह ने और 29 मार्च को भाजपा प्रत्याशी कुंवर सर्वेश सिंह ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था। 30 मार्च को हरित पार्टी के दिलेराम ने अपना नामांकन कराया था। चार अप्रैल नामांकन की आखिरी तारीख है।