मुरादाबाद (अभिषेक सिंह)।
यूपी पुलिस की सिपाही भर्ती परीक्षा पास करने वाले 103 पुलिसकर्मी जेटीसी प्रशिक्षण के लिए पुलिस लाइन नहीं पहुंचे हैं। इस वजह से अब तक उनकी आमद दर्ज नहीं की गई है। इन पुलिसकर्मियों की फाइलें ऊपर अटक गई हैं। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि ये वह पुलिसकर्मी हैं, जो अब तक दूसरे सरकारी विभाग में नौकरी कर रहे हैं। अभी उनका इस्तीफा संबंधित विभाग में स्वीकार नहीं किया है। कुछ ऐसे पुलिसकर्मी हैं, जिनके दस्तावेज पूरे नहीं है, इस वजह से उनकी फाइलें नहीं भेजी गईं हैं।
यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा पास करने वाले सिपाहियों में से साढे़ सात सौ पुलिसकर्मियों को जेटीसी (प्रारंभिक प्रशिक्षण केंद्र) के लिए मुरादाबाद पुलिस को आवंटित किया गया था। जो कि बागपत, मेरठ, बुलंदशहर, अलीगढ़ और हरदोई सहित अन्य स्थानों के रहने वाले हैं। इनमें 150 महिला पुलिसकर्मी हैं, जिनमें से अब तक 136 ने ही आमद कराई है। छह सौ पुरुष पुलिसकर्मी में से 506 ने ही आमद करवाई है। 750 पुलिसकर्मियों में से अब तक 647 ने ही आमद करवाई है। इन्हें एक माह की जेटीसी के बाद अलग- अलग जनपद में आरटीसी के लिए भेज दिया गया है। इनमें से भी चार पुलिसकर्मियों ने नौकरी छोड़ दी है। पुलिस लाइन प्रभारी राजेंद्र शर्मा ने बताया कि 103 पुलिसकर्मियों की आमद अभी नहीं हुई है। उनकी फाइलें रुकी हुई हैं।
आरटीसी में भी नहीं आए पांच सिपाही, दो का पहुंचा इस्तीफा
मुरादाबाद। पुलिस लाइन स्थित आरटीसी में दूसरे जनपदों से 248 पुलिसकर्मियों को भेजा गया था। इनमें से पांच प्रशिक्षण के लिए नहीं पहुंचे हैं। दो सिपाहियों ने अपना इस्तीफा दे दिया है, जबकि तीन सिपाही बाद में आएंगे। उनका प्रशिक्षण अब अगले सत्र में कराया जाएगा। दस सितंबर के बाद आने वाले पुलिसकर्मियों का प्रशिक्षण इस सत्र में कराए जाने पर रोक लगा दी गई है। इस संबंध में स्थानीय अधिकारियों को निर्देश मिल चुके हैं। जो सिपाही प्रशिक्षण के लिए नहीं आए हैं, वह झांसी और पीलीभीत के हैं।