यूपी पुलिस के दरोगाओं और सिपाहियों को प्रशिक्षित करने के लिए पुलिस अकादमी में 29 नए आंतरिक प्रशिक्षक तैयार हो गए हैं। शनिवार को इनका प्रशिक्षण पूरा हो गया है। इनमें मुरादाबाद के बिजेंद्र मलिक को प्रथम चुना गया है। वह मुरादाबाद में स्वाट टीम प्रभारी भी रह चुके हैं।
पुलिस अकादमी में एक माह से पैडागॉजी कोर्स चल रहा था। जिसमें यूपी पुलिस के दरोगा और इंस्पेक्टर रैंक के अलग अलग जनपदों के 42 पुलिस अधिकारी प्रशिक्षण ले रहे थे, जिनमें से 13 पुलिस अधिकारी करीब एक सप्ताह बाद प्रशिक्षण लेने पहुंचे थे। इस वजह से उनका प्रशिक्षण अभी पूरा नहीं हुआ है। प्रशिक्षण पूरा करने वाले 29 नए प्रशिक्षकों को शनिवार को पुलिस अकादमी में अपर पुलिस अधीक्षक बसंत लाल ने प्रमाण पत्र दिए हैं। इंडोर प्रभारी ओमपाल सिंह ने बताया कि अन्य 13 पुलिसकर्मियों का प्रशिक्षण एक सप्ताह बाद पूरा हो जाएगा तो उनको भी प्रमाण पत्र दे दिए जाएंगे। नए प्रशिक्षकों को जल्द ही प्रदेश के अलग अलग प्रशिक्षण केंद्रों में प्रशिक्षण ले रहे सिपाहियों को प्रशिक्षित करने के लिए भेजा जाएगा।