मुरादाबाद। कोरोना का कहर जारी है। अगस्त महीने के पहले दिन की शुरुआत कोरोना संक्रमित एक बुजुर्ग की मौत और 107 नए पॉजिटिव मरीजों से हुई। रैपिड एंटीजन में 11 पुलिस कर्मी समेत 26 संक्रमित मिले हैं। वहीं ग्रेटर नोएडा स्थित जीआईएमएस लैब से 25 से 29 जुलाई के प्रतीक्षारत सैंपलों की रिपोर्ट जारी की है। इनमें 81 नए पॉजिटिव हैं। लैब और रैपिड एंटीजन से कुल 107 पॉजिटिव आने के साथ संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1991 हो गई है। निजी अस्पताल में एक बुजुर्ग की मौत के साथ मृतकों का आंकड़ा भी 54 पहुंच गया है।
शनिवार को आठ ब्लाक और शहर के सात जोन में 607 रैपिड एंटीजन टेस्ट हुए। इनमें स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पुलिस लाइन में आशंकित 99 सैंपल लिए। इनमें 11 पुलिस कर्मी पॉजिटिव आए। बंगला गांव से एक, कांठ से एक, ताजपुर से आठ, डिलारी से चार और बिलारी से एक संक्रमित मिला है। एंटीजन टेस्टिंग में कुल 26 नए मरीज मिले हैं। जीआईएमएस लैब ग्रेटर नोएडा ने भी 25 जुलाई से 29 जुलाई के प्रतीक्षारत सैंपलों की रिपोर्ट जारी की है। इसमें कुल 81 नए पॉजिटिव मरीज आए हैं।
सीएमओ डा. एसमी गर्ग ने बताया कि विवेकानंद में भर्ती 63 साल के संक्रमित की मौत हो गई। संक्रमित अगवानपुर निवासी था। बुखार और सांस फूलने की शिकायत पर उसे भर्ती कराया गया था। कोरोना के लक्षण लगने पर उसका सैंपल कराया और पॉजिटिव आ गया। टीएमयू रेफर करने से पहले उसकी मौत हो गई।
कोरोना मीटर
----------------
आज के मरीज- 107
कुल मरीज 1991
आज की मौत 01
अब तक मौत 54
अब तक डिस्चार्ज 1068
एक्टिव मरीज 868