माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटर परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का विधिवत तरीके से मूल्यांकन कार्य सोमवार से शुरू होगा। हालांकि, रविवार को पांचों सेंटरों पर परीक्षक अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। सेंटरों पर उत्तर पुस्तिकाएं पहुंच गई हैं। कड़ी सुरक्षा के बीच पुस्तिकाओं को जांचा जाएगा और जांचने के बाद कापियों को राजकीय इंटर कालेज में सुरक्षित पहुंचाया जाएगा।
मंडल मुख्यालय के जिलों को छोड़कर प्रदेश के सभी जिलों में बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन आठ मार्च से शुरू हो गया है। मंडल मुख्यालय के जिलों में टीजीटी की परीक्षाएं होने के कारण मूल्यांकन प्रक्रिया शुरू शुरू हो सकी है। मुरादाबाद जिले में रविवार से मूल्यांकन की प्रक्रिया शुरू होगी। मुरादाबाद जिले में हैबिट मुस्लिम इंटर, जीजी हिंदू इंटर कालेज, पारकर इंटर कालेज, चित्रगुप्त इंटर कालेज समेत पांच सेंटर बनाए गए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार द्विवेदी के मुताबिक उत्तर पुस्तिकाएं राजकीय इंटर कालेज में सुरक्षित रखी गई हैं। राजकीय इंटर कालेज से पुस्तिकाओं को जांचने के लिए विषयवार सेंटरों तक पहुंचाया जाएगा।
प्रदीप कुमार द्विवेदी ने बताया कि सेंटरों तक कापियां पहुंचनी शुरू हो गई हैं। मूल्यांकन का कार्य 15 दिन तक चलेगा और कापियां जांचने के बाद सुरक्षित राजकीय इंटर कालेज में रखी जाएंगी। उन्होंने बताया कि सेंटरों पर सीसी कैमरे और सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हैं। रविवार को परीक्षक ड्यूटी में शामिल शिक्षक सेंटरों पर पहुंचेंगे और अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। सोमवार से मूल्यांकन की विधिवत प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी।
वार्ता सफल, बहिष्कार स्थगित
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (चेत नारायण गुट) ने पुरानी पेंशन बहाली समेत नौ सूत्रीय मांगों के समर्थन में उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का बहिष्कार का ऐलान किया है। मुरादाबाद में भी संगठन के पदाधिकारी स्कूलों में पहुंचकर समर्थन जुटा रहे थे। अध्यक्ष तुंगीश यादव ने बताया कि उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य ने उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ प्रदेश नेतृत्व में वार्ता के लिए बुलाया था। वार्ता में वित्त विहीन शिक्षकों की नियमावली तैयार कर जल्द मानदेय 15 हजार करने, तदर्थ शिक्षकों को शीघ्र विनियमितीकरण करने, चिकित्सा भत्ता लाभ देने, बोर्ड परीक्षा ड्यूटी में सीबीएसई की तर्ज पर भुगतान करने और पुरानी पेंशन बहाली के लिए समिति गठित करने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद संघ ने मूल्यांकन बहिष्कार स्थगित कर दिया है। तुंगीश यादव ने बताया कि मुरादाबाद जिले में करीब 750 शिक्षक हैँ। शिक्षक मूल्यांकन कार्य में शामिल होंगे।