उत्तर प्रदेश के मेरठ में भाजपा विधायक संगीत सोम ने ठाकुर चौबीसी के लोगों की सभा में खेड़ा इंटर कॉलेज में महापंचायत करने का ऐलान किया।
विधायक संगीत सोम और बलराज डूंगर शुक्रवार को क्षेत्र के खेड़ा गांव में पहुंचे। गांव के मुख्य द्वार पर सैकड़ों लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। संगीत सोम सबसे पहले उसी हनुमान मंदिर पहुंचे, जहां पर गांव की छह महिलाएं उनकी रिहाई के लिए आमरण अनशन पर बैठी थी।
मंदिर में मत्था टेकने के बाद संगीत उदय प्रताप के घर पहुंचे। उन्होंने कहा कि पुलिस ने उन पर जो लाठियां बरसाई हैं, उनका जवाब लिया जाएगा। संगीत महापंचायत में पुलिस की लाठी और गोलियों से घायल होने वालों के घर पहुंचे।
उन्होंने कहा कि न्याय के लिए सरकार के खिलाफ उनकी लड़ाई जारी रहेगी। इसके बाद खाद गोदाम परिसर में ठाकुर चौबीसी के लोगों की सभा आयोजित की गई।
सभा में लोगों को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि 29 सितंबर को गांव में महापंचायत में शामिल लोगों पर किए गए जुल्म का जवाब दिया जाएगा। उन्होंने खेड़ा इंटर कॉलेज में महापंचायत करने का ऐलान कर दिया लेकिन तिथि की घोषणा नहीं की।
महापंचायत करने के ऐलान से खुफिया विभाग सतर्क
विधायक संगीत सोम द्वारा खेड़ा इंटर कॉलेज में जल्द ही महापंचायत करने के ऐलान से खुफिया विभाग सतर्क हो गया है। विभागीय सूत्रों का कहना है कि मामला फिर से तूल न पकड़ ले, इस पर नजर रखी जा रही है।
सुरक्षा में लगे रहे चौबीसी के लोग
संगीत सोम गांव में करीब चार घंटे रहे। इस दौरान न तो कोई पुलिसकर्मी वहां पहुंचा और न ही विधायक की सुरक्षा में तैनात किए गए पुलिसकर्मी दिखाई दिए। ठाकुर चौबीसी के लोग अपने लाइसेंसी हथियारों के साथ विधायक की सुरक्षा में लगे रहे।