शेरवां। जमालपुर थाना क्षेत्र के लठिया सहिजनी गांव में बृहस्पतिवार की रात चचेरे भाइयों की पिटाई से घायल सूरज विश्वकर्मा (35) की शनिवार को सुबह ट्रामा सेंटर, बीएचयू में मौत हो गई। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, शाम को परिजनों ने भाईपुर कला बैरियर चौराहे पर शव रखकर परिजनों ने जाम लगा दिया। सीओ मंजरी राव ने कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया।
मृतक के पिता कन्हैया विश्वकर्मा ने थाने में तहरीर देकर बताया कि बृहस्पतिवार की रात आठ बजे उसके चचेरे भाई सुरेश विश्वकर्मा के बेटे चंद्रशेखर, चंद्रभूषण व चंद्रभान उर्फ खुद्दी उसके घर आकर गाली गलौच करने लगे। मना करने पर आरोपियों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने बीच बचाव करने पहुंची बेटी नंदनी और बेटों चंदू व सूरज की भी पिटाई कर दी। इससे सूरज गंभीर रूप से घायल हो गया था।
शनिवार को सुबह ट्राॅमा सेंटर में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद शाम को पांच बजे भाईपुर कला बैरियर चौराहे पर शव रखकर परिजनों ने जाम लगा दिया। परिजन आरोपियों पर कार्रवाई और मुआवजे की मांग पर पड़े रहे। सात बजे मौके पर पहुंची सीओ मंजरी राव ने कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया।
मृतक दो भाइयों में बड़ा था और पेंटिंग का काम कर परिवार का पालन करता था। मृतक का एक बेटा शौर्य और एक बेटी सभ्या है। सूरज की पत्नी नीलम देवी और माता कृष्णावती देवी रोते-रोते कई बार बेहोश हो गईं। थानाध्यक्ष अमित प्रजापति ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।