चील्ह। क्षेत्र के शास्त्री सेतु पर शुक्रवार की रात दो बाइक की आमने-सामने भिड़ंत होने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। कटरा कोतवाली और पड़री थाने की पुलिस घायल को अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने युवक के मोबाइल से उसके परिजनों को हादसे की सूचना दी।
विंध्याचल कोतवाली क्षेत्र के कंतित निवासी सूरज मौर्या (25) पुत्र राजू मौर्या शुक्रवार की रात को बाइक से मलाधरपुर गांव स्थित शीतला मंदिर पर जा रहा था। शास्त्री सेतु पर सामने से आ रही बाइक से टक्कर हो गई, जिससे सूरज गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस उसे अस्पताल ले गई, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, हादसे के बाद दूसरा बाइक सवार बाइक छोड़कर भाग गया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक बाइक सवार युवकों ने हेलमेट नहीं लगाया था।