अहरौरा। बीमा पालिसी रिफंड के लिए कस्टमर केयर को फोन करने वाला पालिसी धारक युवक ठगी का शिकार हो गया। वापस आए फोन को कंपनी का समझना उसकी बड़ी भूल साबित हुई। पालिसी धारक के खाते से 59 हजार 883 रुपये निकाल लिये गये।
क्षेत्र के बेलखरा गांव में रविवार की रात 10 बजे उमेश कुमार मौर्य ने 20 हजार रुपये की पालिसी रिफंड के लिए बीमा कंपनी के कस्टमर केयर नंबर पर फोन किया, पर फोन नहीं उठा। कुछ देर बाद एक फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को कस्टमर केयर का बताया। खाते की सारी जानकारी लेने के बाद डेस्क एप्लीकेशन डाउनलोड करने के लिए कहा। इसपर युवक ने सभी निर्देशों का पालन किया। तभी एटीएम की फोटो भी अपलोड करा ली गई। प्रक्रिया पूरी होने के बाद बैंक आफ बड़ौदा के अहरौरा शाखा में उसे खाते से नौ हजार 999, नौ हजार 942, नौ हजार 999 और नौ हजार 993 रुपये निकाल लिये गए। इतना ही नही फोन-पे से 20 हजार रुपये और ट्रांसफर करा लिया। पीड़ित युवक ने बताया कि ठग का मोबाइल नंबर और कॉल रिकार्ड उसके पास मौजूद है। पीड़ित युवक ने ठगी के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।