थाना क्षेत्र के बेलखरा गांव में शुक्रवार की रात पुरानी रंजिश को लेकर हुई मार पिटाई के दौरान कुल्हाड़ी के हमले में युवक को लहू लुहान हो गया। उपचार के लिए ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस को दी गई तहरीर में बेलखरा गांव निवासी जसवंत भारतीय ने बताया कि उसका मझला बेटा राहुल भारतीय (32) दैनिक मजदूरी पर ठेकेदार के संग वेल्डिंग का काम करता रहा है। शुक्रवार की रात वह काम पर से वापस घर लौट रहा था कि तभी घर पहुंचने से कुछ दूर पहले ही घात लगाए आरोपी पड़ोसी जितेंद्र व सूरज ने लाठी- डंडा व धारदार हथियार से हमला कर दिया।
शोर शराबा सुनकर पिता जसवंत मौके पर पहुंचे तो बीच बचाव करने में उनकी भी लाठी डंडे से पिटाई की गई । जिससे उन्हें भी चोट आई है। इसी बीच कुल्हाड़ी से राहुल के सिर पर हमला किया गया। राहुल लहूलुहान हो तड़पता रहा।
हमलावर मौके से भाग गये। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे। ठेले पर लादकर घायल राहुल को सीएचसी पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हत्या की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुड़ गई। परिजन दहाड़े मारकर रोने लगे।थानाध्यक्ष बृजेश सिंह ने बताया कि धारदार हथियार के हमले से राहुल की मौत होना बताया जा रहा है। घटना की जांच कराई जा रही है। आरोपियों की तलाश में पुलिस लगी हुई है। कार्रवाई की जाएगी।
चार भाई दो बहनों में दूसरे नंबर पर था राहुल
चार भाई दो बहनों में दूसरे नंबर पर राहुल इलेक्ट्रिक वेल्डिंग का काम करके परिवार का भरण पोषण करता रहा है। राहुल की शादी नहीं हुई थी। गांव के लोगों में राहुल के व्यवहार को लेकर अच्छा माना जाता रहा है ग्रामीण इस घटना से हतप्रभ है।
रंजिशन रोज की जाती थी किसी न किसी बहाने राहुल की पिटाई
बेलखरा गांव का रहने वाला दलित मजदूर युवक राहुल काफी मेहनती रहा है। अपने काम से काम रखने के बावजूद भी वह कुछ लोगों की रंजिश का शिकार हो गया। हत्या में शामिल आरोपियों द्वारा आए दिन किसी न किसी बहाने राहुल की पिटाई रास्ते में रोक-रोक कर की जाती रही है । जिससे राहुल परेशान रहा करता था। शुक्रवार की रात सुनियोजित तरीके से की गई मारपीट में उसकी जान ही चली गई।