उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) ने स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए नई व्यवस्था लागू की है। विभाग के अनुसार स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को प्रत्येक माह की 15 तारीख तक बिजली बिल उपलब्ध कराया जाएगा।
चंदासी बिजली उपकेंद्र के एसडीओ कृपाशंकर यादव ने बताया कि प्रीपेड मोड में संचालित सभी स्मार्ट मीटरों को पूर्व की भांति पोस्टपेड व्यवस्था में परिवर्तित कर दिया गया है। अब उपभोक्ताओं को पहले की तरह मासिक पोस्टपेड बिल प्राप्त होगा। बिल की जानकारी उपभोक्ताओं के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस एवं व्हाट्सएप के माध्यम से भेजी जा रही है। विभाग के अनुसार तकनीकी कारणों से यदि किसी उपभोक्ता को 15 तारीख तक ऑटोमेटिक रीडिंग के आधार पर बिल प्राप्त नहीं होता है, तो ऐसे मामलों में मैनुअल रीडिंग के माध्यम से 18 तारीख तक बिल उपलब्ध कराया जाएगा। जिन उपभोक्ताओं का मोबाइल नंबर बिलिंग सिस्टम में पंजीकृत नहीं है अथवा गलत दर्ज है, वे 1912 हेल्पलाइन पर संपर्क कर या विभाग के व्हाट्सएप चैटबॉट पर ‘हाय’ भेजकर अपना बिल प्राप्त कर सकते हैं। संवाद