तहसील परिसर में अधिवक्ता से मारपीट के मामले में आरोपी युवक और उसके पिता की गिरफ्तारी न होने पर अधिवक्ताओं में नाराजगी है। शुक्रवार को बार एसोसिएशन अध्यक्ष रामचंद्र यादव की अध्यक्षता में अधिवक्ताओं ने उपजिलाधिकारी विकास मित्तल को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया है कि परमहंस यादव और उसके पिता लक्ष्मण यादव निवासी देवखत ने अधिवक्ता विरेंद्र केसरी के साथ मारपीट की और गाली-गलौज की। घटना के बाद थाने में तहरीर दी गई और मामला दर्ज हुआ, लेकिन तीन दिन बीत जाने के बावजूद गिरफ्तारी नहीं हो सकी। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी है कि जब तक आरोपी युवक और उसके पिता की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे। इस दौरान बार एसोसिएशन महामंत्री अंगद, पूर्व बार एसोसिएशन अध्यक्ष सत्यानंद तिवारी, केएन मोर्या, विरेंदर केशरी, बाबूलाल शर्मा मौजूद रहे।