मिर्जापुर। चुनार कोतवाली क्षेत्र के पिरल्लीपुर पावर हाउस के पास स्थित पत्थर कटर प्लांट में कार्य करने वाले एक मजदूर की बृहस्पतिवार की दोपहर संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मजदूर को मंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे परिजनों ने पत्थर कटर प्लांट संचालक पर हालत बिगड़ने के बाद देर से सूचना देने का आरोप लगाया।
पड़री थाना क्षेत्र के बेलवा गांव निवासी संजीत कुमार (19) पिछले एक वर्ष से चुनार के पिरल्लीपुर स्थित पत्थर कटर प्लांट पर कार्य करता था। संजीत की दोपहर में हालत बिगड़ने पर मौत हो गई। उसके बड़े भाई संतोष ने बताया कि उसका भाई एक माह से पत्थर कटर प्लांट पर काम कर रहा था। दोपहर में प्लांट से फोन आया कि उसके भाई की तबीयत खराब है। सूचना पर प्लांट पर जा रहे थे तो रास्ते में भरपुरा के पास प्लांट के लोग उसके भाई के साथ मिले। भाई को घर लाने के बाद सीएसचसी ले गए। वहां से डाक्टर ने मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया। मंडलीय अस्पताल में डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। संतोष का आरोप है कि प्लांट वालों ने उसके भाई के बीमार होने की सूचना देर से दी। मामले जांच कर कार्रवाई की मांग की।