हलिया। थाना क्षेत्र के हलिया ददरी संपर्क मार्ग पर खराब सड़क के चलते सोमवार को बाइक फिसल गई। इससे बाइक पर पीछे बैठी महिला की गिरने से मौत हो गई। महिला अपने भाई के तिलकोत्सव कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थी।
क्षेत्र के भटवारी गांव निवासी रामधनी उर्फ कल्लू मौर्या के पुत्र कृपाशंकर का सोमवार को तिलकोत्सव होना था। कृपाशंकर की बहन का ससुराल देहात कोतवाली क्षेत्र के बरकछा में है। कृपाशंकर का बड़ा भाई राजनाथ मौर्या तिलकोत्सव कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बहन 40 वर्षीय निर्मला को लेने उसके घर गया था। वह दोपहर में बहन को बाइक पर बैठा कर घर लेकर आ रहा था। हलिया ददरी संपर्क मार्ग स्थित पुलिया के पास पहुंचा था कि सड़क टूटने से गिट्टियां बिखरी हुई हैं, इससे बाइक फिसल कर गिर गई। इससे बाइक पर बैठी निर्मला नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। सामने से आ रहे एक गैस एजेंसी के चालक ने खलासी को भेजकर घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजवाया। वहां डाक्टर ने महिला को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर महिला के ससुराल वाले भी पहुंच गए। उसे मंडलीय अस्पताल लेकर आए। यहां भी डाक्टर ने महिला को मृत घोषित कर दिया। परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।