मड़िहान। रोडवेज परिसर के पास बृहस्पतिवार की दोपहर को एक महिला अचेतावस्था में मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे सीएचसी ले गई लेकिन चिकित्सक ने मृत लाया घोषित कर दिया।
देवरी कला गांव निवासी निर्मला देवी (50) पत्नी बबलू किसी काम से बृहस्पतिवार की दोपहर में मड़िहान बाजार गईं थी। तपती दोपहरी में प्यास लगी तो सड़क किनारे बैठकर आराम करने लगी। कुछ दूर तक दुकान की तरफ जाने का प्रयास किया पर पहुंच नहीं सकी। कुछ देर बाद वह गिरकर अचेत हो गई। अचेतावस्था में पड़ी महिला की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। पुलिस पहले इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। चिकित्सकों ने मृत लाया घोषित कर दिया। मौत की घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। उसके दो पुत्रों मनोज व मनीष के अलावा 12 वर्षीय पुत्री ममता है। उप निरीक्षक सुरेश यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।