पटेहरा। मड़िहान थाना क्षेत्र के अमोई गांव में झोलाछाप के इलाज से महिला का गर्भपात हो गया। महिला ने झोलाछाप पर गलत इलाज करने का आरोप लगाया है। इलाज के बाद भी झोलाछाप ने महिला को धमकी दी। मड़िहान तहसील क्षेत्र में सक्रिय झोलाछाप के खिलाफ कार्रवाई नहीं हो रही है।
इससे पहले 18 मई को मलुआं निवासी एक किशोरी की झोलाछाप के यहां इलाज से मौत हो गई थी। आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उसके बाद एक और घटना हो गई। क्षेत्र की अमोई निवासी ललिता पत्नी जगदीश मिश्रा की एक सप्ताह पहले रात में अचानक तबियत बिगड़ी तो महिला को पति ने इलाज के लिए गांव में ही एक झोलाछाप के पास ले गए। महिला का आरोप है कि झोलाछाप के गलत इलाज से उसका गर्भपात हो गया। उसकी भी हालत गंभीर हो गई तो डॉक्टर ने इलाज करने से मना कर दिया। महिला ने मुख्यमंत्री पोर्टल, जिलाधिकारी और सीएमओ को लिखित शिकायत के माध्यम से झोलाछाप को गलत इलाज करने के बाद डांटकर भगा देने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।