नवरात्र मेला मिर्जापुर की पहचान है। इस पहचान को अधिकारी बनाए रखें। सभी अधिकारी अपने कार्यों को निर्धारित समय सीमा के अंदर पूरी निष्ठा, लगन, तत्परता से पूरा करें ताकि मेले में आने वाले दर्शनार्थियों को परेशानी का सामना न करना पड़े। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा और संबंधित विभाग के अधिकारी के विरूद्ध कठोरतम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। यह बातें मंडलायुक्त अनिल कुमार ने प्रशासनिक भवन में आयोजित नवरात्र मेला संबंधी उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान कही।
मंडलायुक्त अनिल कुमार ने मेला प्रभारी नगर मजिस्ट्रेट को निर्देशित किया कि वे मेले में साफ-सफाई का उत्तम प्रबंध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी कहा कि नगर पालिका द्वारा की जा रही सफाई का परीक्षण भी करें। मंडलायुक्त ने कहा कि मेले में प्रकाश का समुचित प्रबंध हो, इसके लिए नगर पालिका तथा विद्युत विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों पर निगरानी रखी जाए। आयुक्त ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि वे मेले में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा की बेहतर व्यवस्था कराया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने क्षतिग्रस्त सड़काें को दुरुस्त कराने की हिदायत देते हुए संबंधित अधिकारी को मेले में समुचित शुद्ध पेयजल का प्रबंध कराने का निर्देश दिया। आयुक्त ने गंगा घाटों की साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, प्रकाश व पेयजल व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने रेलवे स्टेशन और रोडवेज परिसर में यात्रियों की सुविधा के दृष्टिगत समुचित व्यवस्था दुरुस्त कराने का निर्देश दिया। आयुक्त ने कंट्रोल रूम को प्रभावी बनाने के लिए नगर मजिस्ट्रेट को निर्देशित किया। जिलाधिकारी राजेश कुमार सिंह ने मेला से संबंधित जानकारी दी तथा पुलिस अधीक्षक अरविंद सेन ने बिंदुवार पूरे प्रबंध की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी अपर जिलाधिकारी, नगर मजिस्ट्रेट, पुलिस अधीक्षक नगर, उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।