विधानसभा चुनाव को देखते हुए तीन दिन पहले ही जिले की सीमाएं सील कर दी जाएंगी। बड़े वाहनों के आने जाने पर भी प्रतिबंध लगा दिया जाएगा। शराब की दूकानों की भी 72 घंटे पहले से चेकिंग शुरू करा दी जाएगी। अवैध शराब मिलने पर दूकान सील कर दी जाएगी। चुनाव में किसी प्रकार की गड़बड़ी की शिकायत कोई भी व्यक्ति तत्काल प्रशासन के 9978405047 तथा 9454404025 पर फोन कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है।
आठ मार्च को जिले में विधान सभा की पांच सीटों के लिए होने वाले मतदान को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से कड़े सुरक्षा के प्रबंध किए गए हैं। जनपद में सभी बार्डरों को पांच मार्च की शाम से सील करने की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। बैरिकेडिंग लगा कर वाहनों को चेक किया जाएगा। फ़्लैग मार्च, रेलवे स्टेशन, रोडवेज, होटल, ढाबे समेत अन्य स्थानों की चेकिंग शुरू करने के निर्देश दे दिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने लोगों से अधिक से अधिक मतदान करने को कहा। ताकि मिर्जापुर जिला प्रदेश में पहले स्थान पर रहे। उन्होंने कहा कि गैरजनपद के जो भी लोग हैं वह मतदान तक इस जिले में नहीं रहें। वह अपने घर चले जाएं।