जिगना। थाना क्षेत्र के सिंहावल ग्राम पंचायत के शिवपुर मजरे में मंगलवार सुबह रमेश कुमार (22) का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। उसकी पत्नी सोना देवी मायके गई हुई थी। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। शिवपुर निवासी रमेश सोमवार रात खाना खाने के बाद कमरे में सोने चला गया था। मंगलवार सुबह करीब साढ़े छह बजे तक वह कमरे से बाहर नहीं आया तो मां बीना ने आवाज लगाई। जवाब नहीं मिलने पर परिजनों ने दरवाजा तोड़ा। अंदर रमेश का शव साड़ी के फंदे से लटका मिला।
परिजनों के अनुसार रमेश की शादी 28 फरवरी को मिर्जापुर के जिगनौड़ी निवासी सोना देवी से हुई थी। रक्षाबंधन पर सोना देवी मायके गई थी। पति की मौत की सूचना मिलने पर वह घर पहुंची और शव देखकर रोते-रोते बेसुध हो गई। रमेश दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। वह मजदूरी करता था। पिता बृजलाल सूरत में नौकरी करते हैं, जबकि घर पर मां और छोटा भाई सुरेश रहते हैं। थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि प्रथमदृष्टया युवक के फंदा लगाकर जान देने की बात सामने आई है।