कछवां थाना क्षेत्र के बरैनी गांव के पास हुआ हादसा
मिर्जापुर। कछवां थाना क्षेत्र के बरैनी गांव के पास शुक्रवार सुबह बाइक से वाराणसी ट्रेन पकड़कर अस्पताल में भर्ती पति को देखने जा रही शीतल देवी (45) की बाइक से गिर कर मौत हो गई। वह भतीते घुन्ना सरोज (35) के साथ बाइक से जा रही थी। सड़क पर लड़ रहे कुत्तों से बचने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। बाइक सवार चाची और भतीजा घायल हो गए। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
देहात कोतवाली क्षेत्र के भटौली गांव निवासी गणेश सरोज लोक निर्माण विभाग में कार्यरत हैं। तबीयत खराब होने पर वह प्रयागराज के अस्पताल में भर्ती हैं। पुत्र सोनू ने बताया कि पिता का इलाज प्रयागराज के अस्पताल में चल रहा है। सोनू ने बताया कि मां को बाइक पर बैठाकर चचेरा भाई घुन्ना सरोज वाराणसी जा रहा था। वहां से ट्रेन से शीतल देवी प्रयागराज जातीं। रास्ते में कछवां थाना क्षेत्र के बरैनी गांव के पास सड़क पर कुत्ते लड़ रहे थे। उनसे बचने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई।कछवां थानाध्यक्ष अमरजीत चौहान ने बताया कि बाइक से गिरकर महिला की मौत हुई है।