मड़िहान। बरात की विदाई के बाद ऑटो से जा रहे दूल्हे के पिता को कार और बाइक सवार बदमाशों ने हरिहरा पुलिया से दिनदहाड़े अगवा कर लिया। अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस ने बदमाशों का पीछा कर उसे मुक्त कराया और आरोपियों को हिरासत में लिया।
घोरावल थाना क्षेत्र के एक गांव से बरात सोमवार को पड़री थाना क्षेत्र में गई थी। बरात में ऑर्केस्ट्रा की टीम बुलाई गई थी। सुबह विदाई के पहले ऑर्केस्ट्रा के मालिक ने दूल्हे के पिता पर समान गायब करने का आरोप लगाया। विवाद बढ़ने पर पुलिस ने पंचायत कर मामले को शांत करा दिया।
बरात की विदाई के बाद दूल्हे का पिता रिश्तेदारों के साथ ऑटो से घर जा रहा था। घोरावल मार्ग पर मड़िहान थाने से एक किमी दूर हरिहरा पुलिया के पास कार और तीन चार बाइक सवार लोगों ने ऑटो को रोक लिया। इसके बाद ऑर्केस्ट्रा मालिक ने दूल्हे के पिता को ऑटो से खींच कर अपनी कार में जबरन बैठाकर चला गया।
रिश्तेदारों ने तत्काल 112 नंबर पीआरबी पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपियों का पीछा किया और उन्हें पकड़ लिया। दूल्हे के पिता ने शिकायत करने से मना कर दिया और दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया।