मिर्जापुर। बसपा का दामन छोड़कर निषाद पार्टी में शामिल सिटी ब्लॉक के वीरपुर की महिला ग्राम प्रधान पुष्पलता बिंद व उनके पति हरिशंकर बिंद ने निषाद पार्टी को कटघरे में खड़ा किया है। उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पर धोखा देने और धन उगाही का आरोप लगाते हुए कहा कि मझवां विधानसभा उपचुनाव में निषाद पार्टी के दोहरे चरित्र को उजागर करेंगे।
पुष्पलता बिंद व उनके पति हरिशंकर शनिवार को वीरपुर स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बात कर रहे थे। पुष्पलता ने आरोप लगाया कि निषाद पार्टी ने उनके साथ धोखा किया है। वे दो माह से मझवां विधानसभा उपचुनाव में भागीदारी के बाबत प्रचार के लिए दौड़ रही थीं। हरिशंकर बिंद ने कहा वे निषाद पार्टी के मुखिया डॉ. संजय निषाद को भगवान की तरह मानते थे, लेकिन वे समाज के साथ धोखा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मझवां विधानसभा उपचुनाव में पार्टी की ओर से पुष्पलता को टिकट दिए जाने को लेकर आश्वस्त किया गया था। इसके लिए पार्टी फंड व प्रचार में 50 लाख से ज्यादा रुपये भी खर्च किए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डाॅ. संजय निषाद ने उन्हें 18 से 23 अक्तूबर तक उलझाए रखा। अंत समय तक उन्हें टिकट दिए जाने की बातें कही जा रही थीं। दिल्ली से मिर्जापुर लौटने समय रास्ते में पता चला कि मझवां से भाजपा की ओर से अपना प्रत्याशी मैदान में उतार दिया गया है। उन्होंने कहा कि मेरा पैसा गया कोई हर्ज नहीं, लेकिन निषाद पार्टी के दोहरे चरित्र को वे उजागर करेंगे।