शिवपुर वार्ड में पेयजल समस्या को लेकर प्रदर्शन करते लोग
- फोटो : mirzapur
शिवपुर वार्ड में पीने के पानी को लेकर त्राहि-त्राहि मची हुई है। प्रचंड गर्मी में अपने हलक की प्यास बुझाने के लिए शिवपुर के वाशिंदों को दर-दर भटकना पड़ रहा है। कहने को तो वार्ड में हैंडपंप, ट्यूबवेल, मिनी ट्यूबवेल पालिका प्रशासन द्वारा लगवाया गया है, जो नाकाफी साबित हो रहा है। पेयजल समस्या को लेकर वार्ड में लोगों द्वारा धरना प्रदर्शन भी किया जा चुका है लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।
नगर पालिका परिषद मिर्जापुर के वार्डों में पेयजल समस्या ने विकराल रूप लेना शुरु कर दिया है। जनता एक ओर प्रचंड गर्मी से तो दूसरी ओर पेयजल समस्या से जूझ रही है। शिवपुर वार्ड में लगभग 18 हजार आबादी वाली जनता के लिए पालिका प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्था नाकाफी है। पेयजल समस्या के निदान के लिए आए दिन लोगाें द्वारा प्रदर्शन किया जाता है।
नगर पालिका परिषद मिर्जापुर द्वारा वार्ड में 38 हैंडपंप लगाये गए हैं, जिनमें से 28 चालू हालत में हैं तो दस रिबोर की बाट जोह रहे हैं। इसी प्रकार बरतर तिराहा में एक और शिवपुर में दो सहित कुल तीन बड़े ट्यूबवेल लगे हैं।
पेयजल आपूर्ति के लिए रेहड़ा चुंगी में दो, रेहड़ा पुलिया के पास एक, बनवारी पुर में एक, रेलवे स्टेशन सहित पांच मिनी ट्यूबवेल लगाए गए हैं, जिनमें से रेहड़ा चुंगी में लगा मिनी ट्यूबवेल काफी दिनों से खराब है और रिबोर की बाट जोह रहा है।