जिलाधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार ने सोमवार को जूम एप के माध्यम से जिले के सभी ग्राम प्रधानों से वार्ता कर जल जीवन मिशन योजना के लिए जागरूक किया। कहा कि जल जीवन मिशन योजना के लिए पानी पंचायत समिति बनाई जाएगी। जो इस योजना की निगरानी करेगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि केंद्र सरकार ने हर घर को नल से शुद्ध पेयजल घरों में उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह योजना शुरू की है। ग्राम प्रधानो को इस योजना के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होने बताया कि प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम 55 लीटर पानी उपलब्ध कराये जाने की कार्ययोजना हैं। जिले के अधिकांश गांव में 50 से 60 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो गया है तथा कुछ क्षेत्रों में 35 से 40 प्रतिशत तक कार्य कराया गया हैं। कार्य पूरा होने पर ग्रामीण क्षेत्रो में भी शहरी क्षेत्रो की तर्ज पर प्रत्येक को शुद्ध पेयजल उपलब्ध होगा। उन्होने कहा कि सभी कार्यो का जियोटैगिंग भी करायी जायेगी। जल जीवन मिशन को सुचारू रूप से संचालित कराने के लिये प्रदेश स्तर, जिला स्तर तथा ग्राम पंचायत स्तर पर एक कमेटी का भी गठन किया जाएगा। ग्राम स्तर पर पानी पंचायत समिति’ के नाम से गठित कमेटी ग्राम स्तर पर निर्वाचित सदस्य तथा गॉव की महिलाओ की भी भागीदारी सुनिश्चित की जायेगी। उन्होने कहा कि योजना को संचालित करने के लिये जिले को 21 कलस्टर में बांटा गया हैं। इसके साथ ही ओमिक्रोन से बचने के लिए सभी को वैक्सीन लगवाने की सलाह दी। जूम एप पर पर मुख्य विकास अधिकारी श्रीलक्ष्मी वीएस ने पानी समिति के संचालन एवं हर घर को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के बारे में विस्तृत जानकारी ग्राम प्रधानों को दी।
अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे अमरेन्द्र कुमार ने जूम एप पर कहा कि सभी ग्राम प्रधान जल जीवन मिशन के लाभार्थियों का आधार कार्ड एजेंसी को तत्काल उपलब्ध करा दे ताकि डोर टू डोर कनेक्शन लिया जा सकें। जूम एप पर जिला पंचायत राज अधिकारी अरविन्द कुमार, अधिशाषी अभियन्ता जल जीवन मिशन ग्रामीण भी उपस्थित रहे।