फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mirzapur News: धुंध और बादलों के बीच तीन घंटे तक सूर्यदेव का इंतजार, अर्घ्य देकर व्रतियों ने किया पारण

विज्ञापन
नगर के परियाघाट पर अर्घ्य देती महिलाएं, संवाद
विज्ञापन
मिर्जापुर। लोक आस्था के महापर्व छठ का सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ समापन हो गया। जिले के 150 से अधिक गंगा घाटों, तालाबों और पोखरों पर भोर से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। 36 घंटे के निर्जला व्रत के अंतिम दिन व्रती महिलाओं ने जल में खड़े होकर सूर्यदेव के उदय होने की प्रतीक्षा की। बादलों और धुंध के कारण करीब तीन घंटे तक सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। इसके बावजूद व्रतियों की आस्था और उत्साह में कमी नहीं दिखी।
विज्ञापन



भोर तीन बजे से ही महिलाएं पूजन सामग्री और दीप लेकर घाटों पर पहुंचने लगी थीं। वेदी के सामने जल में खड़े होकर छठी मइया की आराधना की। ''''''''उग हे सुरुजदेव, भइल अरघ के बेर'''''''' जैसे पारंपरिक लोकगीतों से घाटों का वातावरण भक्तिमय हो उठा। उजाला होने पर व्रतियों ने उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण किया। इस दौरान शंख और शहनाई की ध्वनि तथा छठी मइया के जयकारों से गंगा तट गूंजते रहे।



नगर के बरियाघाट, पक्काघाट, नारघाट, संकठाघाट, दोपहरघाट और फतहांघाट पर आधी रात से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। भोर होते-होते घाटों पर व्रतियों और उनके परिजनों की भीड़ बढ़ती गई। हाथों में दीप और पूजन सामग्री लेकर घाटों की ओर बढ़ते श्रद्धालुओं से पूरा माहौल छठमय रहा।
विज्ञापन






नगर पालिकाध्यक्ष ने किया व्यवस्थाओं का निरीक्षण



फोटो संख्या 17







मिर्जापुर। छठ पूजा के अंतिम दिन सोमवार को उषा अर्घ्य के नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी ने नारघाट से फतहा घाट तक पहुंचकर श्रद्धालुओं की सुविधाओं व सुरक्षा का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा एवं अन्य जनसुविधाओं का जायजा लिया। साथ ही व्रती माताओं-बहनों के बीच पहुंचकर उनसे व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की और उनकी समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि छठ व्रत करने वाली माताओं-बहनों एवं श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था, संस्कृति और लोक परंपराओं का प्रतीक है। इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना नगर पालिका परिषद की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। इस अवसर पर भाजपा नगर पश्चिमी मंडल अध्यक्ष नितिन विश्वकर्मा, नामित सभासद श्याम सिंह, नागेश्वर अग्रहरि, प्रिंस केशरी सहित अन्य गणमान्य लोग रहे।



बच्चों के खिलौने और झूलों की सजीं रहीं दुकानें, मेले जैसा नजारा



छठ महापर्व पर सोमवार को गंगा घाटों पर आस्था के साथ मेले जैसा नजारा व्याप्त रहा। पूरी रात सड़कों पर चहल-पहल रहा। बरियाघाट के अलावा पक्काघाट, नारघाट, बाबाघाट, सुंदरघाट, कचहरीघाट व फतहांघाट मार्ग पर सड़क और गलियां बच्चों के खिलौनों और गुब्बारों से सजीं रही। पूजा की रौनक के बीच सजे अस्थायी दुकानों से मेले जैसा नजारा व्याप्त रहा।



गंगा घाटों पर उमड़ी आस्था, उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का पारण



विंध्याचल। डाला छठ महापर्व के अंतिम दिन सोमवार को विंध्याचल के गंगा घाटों पर आस्था का सैलाब उमड़ा। भोर से ही दीवानघाट, पक्काघाट और अखाड़ाघाट पर व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। सिर पर पूजन सामग्री से भरे दउरे लेकर पहुंचे परिजनों के बीच छठी मइया के पारंपरिक गीत गूंजते रहे। व्रती महिलाओं ने पानी में खड़े होकर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया और परिवार की सुख-समृद्धि व संतान की दीर्घायु की कामना की। अर्घ्य देने के बाद चार दिवसीय व्रत का पारण किया।



अदलहाट और अहरौरा क्षेत्र में सरोवरों के किनारे अर्घ्य के लिए उमड़ीं महिलाएं



अदलहाट / अहरौरा । डाला छठ महापर्व के अंतिम दिन सोमवार को अदलहाट व अहरौरा नगर क्षेत्र के पोखरों, तालाबों और जलाशयों के घाटों पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। अदलहाट थाना के बगल स्थित पोखरे सहित विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में भोर से ही व्रती महिलाओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। सिर पर पूजन सामग्री से भरे दउरे लेकर घाटों की ओर जाते श्रद्धालुओं से रास्तों पर चहल-पहल बनी रही। पानी में खड़े होकर महिलाओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य दिया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। इसी तरह अहरौरा नगर क्षेत्र में सहुवाइन का पोखरा सहित अन्य सरोवरों में श्रद्धा के साथ महिलाओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य देकर डाला छठ महापर्व का समापन किया।



छटहां से चंडिकाधाम और बालूघाट तक उमड़े श्रद्धालु



पड़री/चुनार। डाला छठ के अंतिम दिन सोमवार को ग्रामीण क्षेत्रों के गंगा घाटों पर श्रद्धा और उल्लास का संगम दिखा। पड़री और पहाड़ी ब्लॉक के छटहां, धरमदेवा, नान्हूपुर, कनौरा और चंडिकाधाम घाट पर भोर से ही व्रती महिलाओं की भीड़ जुटी। वहीं चुनार के बालूघाट, संतोषी माता मंदिर घाट, शिवाला घाट, रामघाट और बावनजी घाट पर भी श्रद्धालुओं ने सूर्यदेव की उपासना की। उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ महिलाओं ने चार दिवसीय व्रत का पारण किया।



कश्यप कुंड और जगतानंद आश्रम घाट पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब



कछवां। डाला छठ महापर्व के अंतिम दिन सोमवार को कछवां क्षेत्र के कश्यप कुंड और जगतानंद आश्रम घाट पर आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। भोर से ही बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं पूजन सामग्री लेकर घाटों पर पहुंचने लगीं। पानी में खड़े होकर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया और छठी मइया से संतान की दीर्घायु और परिवार की खुशहाली की कामना की। पारंपरिक लोकगीतों के बीच चार दिवसीय व्रत का पारण किया गया।



उगते सूर्य को अर्घ्य देकर संतान की दीर्घायु की मांगी मन्नत



हलिया/ड्रमंडगंज। डाला छठ महापर्व के अंतिम दिन सोमवार को ग्रामीण क्षेत्रों में नदी और तालाबों के किनारे आस्था का सैलाब उमड़ा। हलिया क्षेत्र में अदवा नदी के घाट पर व्रती महिलाओं ने भोर में पहुंचकर पूजन किया। उधर, ड्रमंडगंज क्षेत्र के सेमरा कला स्थित सेवटी नदी, बरौंधा के बेलन नहर और तालाबों के किनारे भी श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी। महिलाओं ने पानी में खड़े होकर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। इसके बाद परिवार की खुशहाली और संतान की लंबी उम्र की कामना कर चार दिवसीय व्रत का पारण किया।



तालाबों से लेकर कर्णावती नदी तक छठी मइया के गीतों की गूंज



जिगना। छानबे क्षेत्र में डाला छठ महापर्व के अंतिम दिन सोमवार को गांव-गांव आस्था का उत्सव दिखा। विजयपुर के रानी तालाब, कर्णावती नदी, कठवैया, अकोढ़ी, बिरोही, कुशहा, पश्चिम वाहिनी गंगा घाट हरगढ़, नीबी गहरवार, गौरा भिलगौर और सिहावल सहित कई स्थानों पर व्रती महिलाओं ने सामूहिक वेदी बनाकर पूजन किया। भोर में उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। पारंपरिक लोकगीतों के बीच महिलाओं ने परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की दीर्घायु की कामना की। अर्घ्य के बाद व्रत का पारण किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें