चील्ह। विकास खंड कोन के देव परवा गांव के प्राथमिक विद्यालय स्थिति बूथ संख्या 7, 8 के मतदान स्थल को लगभग दो किलोमीटर दूर बलुआ प्राथमिक पाठशाला में बनाए जाने पर मतदाताओं ने विरोध शुरू कर दिया। पुन: मतदान स्थल देवपरवा प्राथमिक विद्यालय में बनाया गया। एक से दूसरी जगह मतदान केंद्र स्थानांतरित किए जाने के चलते सुबह सात के बजाय दस बजे से मतदान प्रारंभ हो सका।
देवपरवा गांव के दो बूथ सात व आठ के मतदान स्थल को लगभग दो किलोमीटर दूर बलुआ प्राथमिक पाठशाला में बनाए जाने पर मतदाताओं ने वोट बहिष्कार की घोषणा कर दिया। कोई एजेंट नहीं बना। मतदान बहिष्कार की सूचना पर मौके पर पहुंचे खंड विकास अधिकारी राकेश कुमार शुक्ला, आरो अजय कुमार, उपजिलाधिकारी व सीओ सदर ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया लेकिन मानने को तैयार नहीं हुए। एडिशनल एसपी व मुख्य विकास अधिकारी के द्वारा मतदान स्थल को दोबारा देव परवा गांव में करने के निर्णय के लगभग तीन घंटे बाद दस बजे मतदान शुरू हुआ।